बिजली की बेशर्मी का खामियाजा भुगता

हल्द्वानी। बिजली की बेशर्मी का खामियाजा मंगलवार को भी सुबह-शाम लोगों ने भुगता। कालाढूंगी चौराहा सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में सुबह करीब दस बजे गई बिजली दोपहर में लौटी, जबकि शाम होते-होते 33 कमुलवागांजा सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में अंधेरा छा गया। करीब पांच घंटे तक कर्मचारी फाल्ट खोजते रहे और रात करीब नौ बजे बिजली सप्लाई सुचारु हो पाई। इससे शाम की दुकानदारी तो चौपट हुई और बच्चे भी बगैर किताब खोले सो गए।
कटौती के विभिन्न रूप धारण कर बिजली रोज लोगों को इलाके बदल-बदलकर सता रही है। मंगलवार को कालाढूंगी सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में शटडाउन के नाम पर कटौती हुई। सुबह करीब 9.50 में काटी गई बिजली दिन में करीब डेढ़ बजे बहाल हुई। इतनी देर तक बिजली विभाग लॉपिंग-चॉपिंग (बिजली के तारों में आई शाखाओं को काटना) कर रहा था। डेढ़ बजे पंखे हिले तो लोगों की जान में जान आई। हालांकि बिजली के दम पर चलने वाली दुकान के मालिकों का सुबह से धंधा चौपट होने के कारण दिन भर मूड खराब रहा।
शाम होते-होते करीब सवा चार बजे 33 कमलुवागांजा सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में बिजली गुल हो गई। यहां ब्रेक डाउन हुआ था। अधिकारी-कर्मचारियों को फाल्ट खोजने में चार घंटे से अधिक समय लग गया। रात करीब साढ़े आठ बजे ऊंचापुल से आगे हरिपुरा के पास फाल्ट मिला। कोई तार टूटने से बिजली गुल हुई थी। करीब पौने नौ बजे हजारों लोगों को बिजली मिल पाई।

Related posts