
नाहन (सिरमौर)। शहर नाहन में जल संकट अभी टला नहीं है। हालांकि मंगलवार तड़के आधा दर्जन क्षेत्रों में विभाग की ओर से पीने का पानी मुहैया करवाया गया। पिछले 4 दिन से हो रही बरसात के कारण खैरी लाइन में एक दर्जन से अधिक पेयजल पाइपें मलबे में दब गई थी। लाइन को सुचारू करने के लिए आईपीएच विभाग के कर्मचारी सोमवार देर रात तक जुटे रहे
कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार की मानें तो शहर में पेयजल सप्लाई खैरी और नहर स्वार क्षेत्रों से प्रभावित रही है। नहर स्वार में पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सप्लाई निरीक्षण के लिए बंद की जाती रही है।
इसी बीच मंगलवार सुबह को बिजली की ट्रिपिंग के चलते खैरी योजना में लगी मोटरों को लगभग 2 घंटों तक बंद रखना पड़ा। इसके चलते नाहन शहर की सप्लाई प्रभावित हो गई। शहर में अभी करीब 8-10 टैंकों में जल भंडारण किया जाना बाकी है। मंगलवार को नाहन में कुछ इलाकोें में मात्र 5-10 मिनट तक पानी की सप्लाई रही, जबकि कुछ इलाकों में 40 मिनट तक पानी छोड़ा गया। इसे लेकर अमरपुर मोहल्ला, बीडीओ कालोनी मार्ग में लोगों में खासा रोष था।
बाक्स….
ब्रांच और मेन लाइनों के चलते दिक्कत
शहर में आगामी 3 दिनों के भीतर पेयजल सप्लाई पूरी तरह से दुरुस्त हो जाएगी। खैरी और नहर स्वार में आई अड़चनों को ठीक कर दिया गया है। ब्रांच लाइन कनेक्शन और मेन लाइन कनेक्शन के चलते सप्लाई में उतार-चढ़ाव हो रहा है। कर्मचारियों से कह दिया गया है कि वह समान रूप से पानी छोड़ें। फिलहाल बिजली की ट्रिपिंग के चलते टैंक भंडारण में बाधा पहुंच रही थी।
– संतोष कुमार ठाकुर, एसडीओ आईपीएच, नाहन
