
जसपुर। रुद्रपुर में विद्युत कर्मियों के साथ अभद्रता करने, कार्यालय में तोड़फोड़ करने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि महुवाडाबरा नगर पंचायत के विद्युत सब स्टेशन पर तैनात विद्युत कर्मी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। विरोध में बिजली कर्मियों ने 15 घंटे से अधिक समय तक ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति ठप कर दी। बिजली कर्मी ने महुवाडाबरा के चेयरमैन सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार को महुवाडाबरा बिजली घर पर तैनात विद्युत कर्मी ने नगर पंचायत महुवाडाबरा के चेयरमैन सहित तीन के खिलाफ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। विद्युत कर्मी दुष्यंत शर्मा के साथ दर्जनभर से अधिक विद्युत कर्मियों ने कोतवाली पहुंचकर एसएसआई अरुण कुमार का घिराव किया। विद्युत कर्मी दुष्यंत शर्मा के साथ अभद्रता करने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। दर्ज रिपोर्ट में दुष्यंत कुमार ने कहा कि बृहस्पतिवार को विद्युत उप केंद्र महुवाडाबरा पर सुबह आठ बजे से उसकी ड्यूटी थी। रात को लगभग पौने आठ बजे चेयरमैन बहादुर लाल अपने साथियों विकास पुत्र बृजेश, देवेंद्र ठाकुर पुत्र दिग्विजय सिंह के साथ विद्युत उप केंद्र पर आए और सभी विद्युत पोषकों को बंद करने को कहा। मना करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी दी। जेई को फोन पर घटना की सूचना देने पर इन लोगों ने फोन छीनकर फेंक दिया। साथ ही यूसीबी का हैंडिल अपने साथ ले गए। जिस कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इन्होंने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घिराव करने वालों एसडीओ बीसी सत्यवली, जेई कुंवर सिंह, अर्जुन सिंह, कपिल कुमार, नईम अहमद, धनश्याम, मुखराम, राधेहरि, शत्रुघन, हरजीत सिंह, अभिषेक शर्मा आदि शामिल थे।
