बिजली कट से उद्योगों को करोड़ों का नुकसान

पांवटा साहिब (सिरमौर)। औद्योगिक इकाइयों में बिजली न होने से करोड़ों की क्षति हो रही है। पांवटा के गिरिनगर धौलाकुंआ क्षेत्र में 132 केवी लाइन का टावर बरसाती नाले की चपेट में आ गया है, जिससे दो दिनों से पांवटा के औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे गोंदपुर, पांवटा, कुंजा मतरालियों, रामपुरघाट व बाता मंडी क्षेत्र की इकाइयों में उत्पादन कार्य काफी प्रभावित हो रहा है। केवल कुछ ही इकाइयों में डीजल जनरेटर के सहयोग से कुछ देर तक कार्य हो पा रहा है। हिमाचल चैंबर ऑफ कामर्स एडं एंडस्ट्रीज पांवटा इकाई अध्यक्ष सतीश गोयल, बीडी त्यागी, संजय अग्रवाल व विक्रम मितल समेत उद्यमियों ने कहा कि इस माह दिक्कतें बढ़ गई हैं। विशेष कर पिछले दो दिनों से बिजली बंद है। दो दिनों के भीतर सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे छोटी बढ़ी इकाइयों में उत्पादन कार्य नहीं हो रहा है। उद्यमी विक्रम मितल ने कहा कि गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में जुलाई माह में सबसे ज्यादा दिक्कतें रही हैं। बिजली बोर्ड सर्विस चार्जिज पूरा वसूलता है, जबकि 1 से 20 जुलाई तक का गोंदपुर इकाइयों में इलेक्ट्रिक मीटरों को जांच कर देखा जाए तो पता चल जाएगा कि अधिकतर समय बिजली कट लगे रहे हैं। इससे कैल्शियम कार्बोनेट व फार्मा इकाइयों का कार्य प्रभावित हुआ है। इकाइयों में लंबे समय तक बिजली कट से दिक्कतें रही। आलम यह है कि लेबर ठेकेदार कार्य प्रभावित होने पर काम छोड़कर जाने की बात कर रहे है। बिजली कट लगने से छोटी यूनिटें ज्यादा प्रभावित हो रही हैं। बिजली का टावर बहने से पिछले दो दिनों से अब कार्य बुरी तरह बंद पड़ा है। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता आरके धीमान ने कहा कि दो दिनों से औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली कट रखा है। क्षेत्र में बरसाती खड्ड से 132 केवी टावर ढह गया। इससे काफी दिक्कतें हो रही है। किसी तरह से घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुहैया करवाई जा रही है। बिजली बोर्ड की पूरी टीम शीघ्र बिजली आपूर्ति को शुरू करने के लिए प्रयासरत है।

Related posts