
शिलाई (सिरमौर)। हरिपुरधार क्षेत्र में बिजली बोर्ड द्वारा लगाए जा रहे अघोषित कटों से क्षेत्र के लोगों में बोर्ड के प्रति रोष है। आवश्यक समय में बिजली के कट लगाए जाने से जहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है वहीं ठंडे के मौसम में लोगों को कई परेशानियां उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अघोषित कट बंद न हुए तो ग्रामीण बिजली बोर्ड के विरुद्ध प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण मामले की शिकायत शिलाई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री से भी करेंगे।
बिजली बोर्ड उपमंडल पनोग के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जरवा, पनोग, अजरौली, कोटीबौंच, रोनहाट क्षेत्र के अतिरिक्त वियोंग-टटवा सहित नौ पंचायतों के दो हजार से ज्यादा उपभोक्ता बीते दो सप्ताह से बिजली बोर्ड के अघोषित कटों का दंश झेल रहे हैं।
दूरदराज क्षेत्र में सांय छह बजे करीब एक घंटे तक एवं सुबह साढ़े पांच बजे से आधे से पौन घंटे तक बिजली बंद रहती है जब स्कूली बच्चे पढ़ाई कर रहे होते हैं।
लोगों को इस शीतलहर में बिना बिजली के ठंड में रहना पड़ता है। शीतकालीन सत्र होने की वजह से इन दिनों छात्रों की परीक्षाएं हो रही हैं। बिजली बोर्ड ऐन मौके पर बिजली के कट लगा देता है। कोटी बौंच पंचायत के शेर सिंह ,सुखराम, बस्तीराम, भगतराम, राजेंद्र आदि ने बताया कि बिजली बोर्ड रेगुलेटरी कमीशन के आदेश के अनुसार ग्रामीणों से सर्विस चार्ज तो पूरा वसूल रहा है लेकिन सर्विस देने में नाकाम है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कट बंद नहीं किए गए तो ग्रामीण बिजली बोर्ड के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करेंगे और शिलाई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री से भी बोर्ड की शिकायत करेंगे।
इस संबंध में बिजली बोर्ड उपमंडल पनोग के जेई नरेश कौशल ने कट लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि ज्यादा लोड होने से शाम को पौने घंटा एवं सुबह आधा घंटा कट लगाया जाता है। इस बारे में वह उच्च अधिकारियों से बात करेंगे।
