
सोलन। सोलन शहर को जाम और बिजली कटौती से राहत मिलेगी। जाम की समस्या दूर करने के लिए जहां 17.26 करोड़ की लागत से शामती बाईपास का निर्माण होने जा रहा है। वहीं बिजली कट की समस्या के निजात दिलाने को शहर में 1.52 करोड़ से पांच ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। रविवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने सोलन के समीप शामती में राजगढ़-सोलन बाईपास सड़क का शिलान्यास किया। जबकि ट्रांसफार्मरों का लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि साढ़े पांच किमी लंबी इस सड़क के निर्माण से पांच गांव लाभान्वित होंगे। इससे सोलन शहर को जाम से निजात मिलेगी।
दूसरी ओर डा. धनीराम शांडिल ने सोलन शहर तथा उपनगरों में 1.52 करोड़ की लागत से स्थापित पांच ट्रांसफार्मरों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि जिले में 18 करोड़ की लागत से 40 विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं, जिनमें से 20 को स्थापित किया जा चुका है, साथ ही 16 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा एचटी और एलटी लाइनों की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। कथेड़ में साढ़े चार लाख की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी भवन की नीव भी रखी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर, अजय चौहान एसटीए सदस्य, अध्यक्ष बघाट बैंक अरुण शर्मा, सुरेंद्र सेठी निदेशक मंडल एचपीटीडीसी, जतिन साहनी, यशपाल शर्मा महाप्रबंधक जिला उद्योग, एसडीएम टशी संडूप, सुरेंद्र तेगटा, मुकेश शर्मा, जगमोहन मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।
सोलन जिले में होगा सड़कों का विकास
डा. शांडिल ने कहा कि नाबार्ड के तहत जिले में इस साल साढ़े 11 करोड़ रुपये की राशि चार सड़कों के निर्माण और उनका पक्का करने पर खर्च की जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में 5.20 करोड़ रुपये की राशि खर्च करके 23 किमी लंबी सड़कों का निर्माण और पक्का करने का कार्य प्रगति पर है। अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत 58 लाख की राशि खर्च करके साढे़ तीन किमी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
