
ऋषिकेश। नीलकंठ मंदिर से जलाभिषेक कर लौट रहा एक बालक रास्ते में आयोजित भंडारे में खाना खाने के लिए रुका और परिजनों से बिछुुड़ गया। स्थानीय लोगों ने रोती-बिलखती हालत में उसे पुलिस के सुपुर्द किया।
सोमवार पूर्वाह्न हरिद्वार मार्ग पर पुरानी चुंगी के समीप एक नौ वर्षीय बालक लावारिस हालत में घूमता नजर आया। स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की तो वह रोने लगा। उसने बताया कि वह परिवार के साथ नीलकंठ मंदिर में जलाभिषेक के लिए आया था। सब वापस लौट रहे थे, इसी बीच वह एक भंडारे में खाना खाने के लिए रूक गया। तभी परिजनों से बिछुड़ गया। स्थानीय लोगों ने बालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बालक ने अपनी पहचान रवि पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम भवन नजीबाबाद (यूपी) बताई। उपनिरीक्षक दीपक रावत ने बताया कि आसपास के थाने और चौकियों में वायरलेस से संदेश प्रसारित कर परिजनों की तलाश शुरू की। इस बीच परिजन कोतवाली पहुंच गए। पहचान करने के बाद बालक उनके सुपुर्द कर दिया।
