
रामपुर बुशहर। शलाटी ठेकेदार यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा। यूनियन का कहना है कि रामपुर में बन रहा बिजली प्रोजेक्ट प्रबंधन यूनियन को विश्वास में लेकर काम नहीं कर रहा है, जबकि पहले कंपनी ने यूनियन को साथ लेकर चलने की बात कही थी। हालांकि, इसके बारे में यूनियन ने कई दफा प्रस्ताव भी पास किए लेकिन इसके बावजूद प्रोजेक्ट प्रबंधन ने यूनियन को प्रस्ताव के बारे में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। अब यूनियन ने साफ कर दिया है कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। यूनियन के उपप्रधान चंद्रशेखर, सचिव राजेश चौहान तथा सदस्य दिनेश खमराल का कहना है कि कंपनी की टनल का काम पूरा हो चुका है लेकिन जो शेष कार्य बचा है, उसे बाहरी ठेकेदार को न देकर यूनियन के माध्यम से करवाया जाए। यूनियन ने कंपनी को जो भी प्रस्ताव दिए हैं उसका जवाब 15 दिन के अंदर दिया जाए। यूनियन से साफ कर दिया है कि कंपनी ने बाहरी ठेकेदारों को काम दिया तो वह क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर तिलक राज, राजेश मेहता, हरदेव सिंह, भूपेंद्र, अनिल चौहान और सजनीश चौहान सहित अन्य लोग मौजूद थे।
