बाली की ‘क्लास’ में विकास का पाठ

धर्मशाला। खाद्य आपूर्ति एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली वीरवार को धर्मशाला में आयोजित विभिन्न विभागों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अपने रंग में नजर आए। विकास कार्यों के हिसाब और फिजूलखर्ची पर जीएस बाली ने अधिकारियों की खूब ‘क्लास’ ली। प्रदेश सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को सही ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए मंत्री ने विभागों में फिजूलखर्ची पर रिपोर्ट तलब की।
मंत्री ने अधिकारियों से सीधे तौर पर फिजूलखर्ची रोकने तथा अनावश्यक खर्चों में कमी लाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए, ताकि अनावश्यक खर्चों को कम करके सरकारी कोष के राजस्व में वृद्धि की जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने कामकाज में दक्षता तथा कार्यालय में समयनिष्ठा को कायम रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व को एकत्रित करने के मामलों को तुरंत निपटाया जाना चाहिए, ताकि सरकारी राजस्व में बढ़ोतरी की जा सके। कहा कि धर्मशाला बस अड्डे का बीओटी के आधार पर पुन: निर्माण करके आधुनिक सुविधायुक्त भव्य भवन का निर्माण किया जाएगा, जबकि पालमपुर में बहुमंजिला कांप्लेक्स के निर्माण के अलावा नूरपुर में भी बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चामुंडा में बस अड्डे का निर्माण करने के लिए एक करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। चामुंडा रेलवे स्टेशन से चामुंडा मंदिर तक यात्रियों की सुविधा के लिए सोलर लाइटें स्थापित की जाएंगी।

कांगड़ा में खुलेगा कौशल विकास केंद्र
बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को कौशल विकास भत्ता योजना के तहत लगाया जाएगा तथा कांगड़ा में शीघ्र ही कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को जिला में अर्द्धकुशल युवाओं की सूची भी तैयार करने को कहा, ताकि ऐसे युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार दिलाया जा सके। बैठक में उपायुक्त सी पालरासु ने जिले के सभी विभागों के मुद्दों को चर्चा के लिए प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राकेश शर्मा के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts