बार्डर पर दोबारा तैनात करवाएंगे आईटीबीपी

सलूणी (चंबा)। जिला चंबा के किहार सेक्टर में आईटीबीपी की दोबारा तैनाती होगी। यह बात सांसद डा. राजन सुशांत ने भाजपा मंडल डलहौजी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कही। बैठक स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की गई। इसमें भाजपा के मंडल अध्यक्ष खेम राज विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की सीमा के साथ सटे किहार इलाके से केंद्र सरकार के निर्देशानुसार आईटीबीपी को बार्डर से हटा लिया गया है। इससे लोगों की सुरक्षा खतरे में है। क्षेत्र के लोग सतरुंडी कांड से अभी तक उभर नहीं पाए हैं। आए दिन जेएंडके में आतंकी हमले होते रहते हैं। इस कारण बार्डर से आईटीबीपी को हटाए जाने से क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। भाजपा प्रवक्ता हेम राज चंदेल, सुनूह पंचायत के प्रधान फारुक बट्ट और भाजपा महामंत्री देस राज बसंत ने बताया कि एक ओर केंद्र सरकार ने जिला चंबा को राष्ट्रीय राज मार्ग से जोड़ने की योजना बनाई है। इसके लिए खुंडीमराल मार्ग को खोल दिया जाएगा, लेकिन आईटीबीपी को हटा दिया गया है। यही नहीं आईआरबी बटालियन को भी हटा दिया है। इससे लोग सहमे हुए हैं। इस मौके पर सांसद राजन सुशांत ने कहा कि इस मामले को लेकर वे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और रक्षा मंत्री से मिलेंगे और आईटीबीपी को बार्डर पर दोबारा तैनात करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले को मई माह में लोकसभा सत्र में भी उठाया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, अमित ठाकुर, नरेश कुमार, रजन, भगत राम, कुलदीप कुमार, पाछो राम मौजूद रहे।

Related posts