
थराली/देवाल। बुधवार रात्रि को हुई तेज बारिश नदी किनारे रहने वाले लोग सहम गए। रात्रि तीन बजे शुरू हुई बारिश सुबह पांच बजे तक जारी रही। इससे नदी गदेरों के नालों के किनारे रहने वाले लोगों में दहशत बनी रही। वहीं राड़ीबगड़ को देवाल और ग्वालदम से जोड़ने वाले दोनों मोटर मार्ग भी बंद हो गए।
तेज बारिश के चलते राड़ीबगड़-देवाल मोटर मार्ग नंदकेशरी से आगे चट्टान खिसकने से बंद हो गया। यहां राहगीरों को दो किमी खड़ी चट्टान पार करनी पड़ी। साथ ही नंदकेशरी-ग्वालदम मोटर मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने से बंद हो गया। इससे लोग पैदल ही लार्ड कर्जन ट्रैक पर चिंड़िगा पैदल होते हुए ग्वालदम पहुंचे। केदार बगड़ के उमेश चंद्र पुरोहित, राड़ीबगड़ के मुकेश कुमार आदि ने कहा कि बारिश और मौसम विभाग के एलर्ट के चलते लोग मशाल और टार्च जलाकर नदी और गदेरों के जलस्तर को देखते रहे। बारिश से जहां गदेरे उफान पर आ गए, वहीं पिंडर नदी का जलस्तर सामान्य रहा। दो घंटे बाद जब बारिश बंद हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
