
धर्मपुर (मंडी)। भारी बारिश के चलते धर्मपुर क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल व बिजली की आपूर्ति बाधित रही। कांढापतन ध्वाली स्कीम से क्षेत्र की आधा दर्जन से भी ज्यादा पंचायतों को पेयजल आपूर्ति होती है। योजना में फिल्टर की सुविधा न होने से पेयजल सप्लाई करने में विभाग असमर्थ है। स्थानीय निवासी राजमल, श्यामलाल, रूपलाल, प्रवीण कुमार, दीपक, विनोद, नरेंद्र, बबलू, प्यार चंद इत्यादि ने विभाग से मांग की है कि लोगों को पेयजल की सप्लाई तुरंत दी जाए। इधर, आईपीएच विभाग उपमंडल धर्मपुर के सहायक अभियंता एसके चौहान ने बताया कि कांढापतन में पंप जलने की वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई और विभाग ने पंप को ठीक करने के लिए भेज दिया है। उधर, बारिश के कारण क्षेत्र में जगह-जगह भूस्खलन होने की वजह से बिजली के पोल गिर जाने से क्षेत्र में अंधेरा छा गया। 33 केवी सब स्टेशन धर्मपुर के अंतर्गत पड़ने वाले सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। धर्मपुर क्षेत्र के कांढापतन में बिजली का पोल भूस्खलन की वजह से गिर गया। भूस्खलन से बरडाना ट्रांसफार्मर का पोल टूट गया। रिछली में भी भूस्खलन से पोल क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति बंद रही। विद्युत उपमंडल धर्मपुर के सहायक अभियंता बीएस ठाकुर कहा है कि भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन हुआ और जिससे विभाग के पोल टूट गए हैं। जल्द ही बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
