बारिश से ढही मकान की दीवार

भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की कुहमझवाड़ पंचायत के तहत मझवाड़ गांव में बारिश के चलते एक रिहायशी मकान की दीवार ढह गई। दीवार गिरने से कमरे में रखे हुए 100 से अधिक मुर्गे-मुर्गियां मलबे में जिंदा दब गए। परिवार का मुखिया मलबे में दबने से बाल-बाल बच गया। उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार मझवाड़ निवासी सूंका राम के मकान के पिछले हिस्से की एक दीवार भारी बारिश के कारण ढह गई। आधी रात के समय हुई इस घटना के दौरान सूंकाराम भी उसी मकान में सोया हुआ था, जबकि उसका पुत्र प्रेमलाल व परिवार के अन्य सदस्य साथ लगते दूसरे मकान में थे। गनीमत यह रही कि सूंकाराम मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। अलबत्ता, एक कमरे में रखे हुए लगभग 130 मुर्गे-मुर्गियां व चूजे मलबे में दफन हो गए।
दीवार ढहने की आवाज सुनकर साथ लगते मकान से सूंकाराम का पुत्र प्रेमलाल व परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे। उन्होंने काफी जद्दोजहद के बाद सूंकाराम को वहां से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान रतन सिंह ठाकुर तथा हलका पटवारी राकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने नुकसान का जायजा लिया। पंचायत प्रधान रतन सिंह ठाकुर ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

Related posts