
सिहुंता (चंबा)। आईपीएच के सिहुंता उपमंडल में विभाग को तीन दिन की बारिश से ही 28.20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इनमें पेयजल योजनाओं को 12.05 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इससे 15 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा आठ सिंचाई योजनाओं को 14.15 लाख का नुकसान हुआ है। यह नुकसान छह, सात एवं आठ अगस्त को हुई बारिश से हुआ है। साथ ही खड्डों और नालों में आई बाढ़ से भी विभाग के बाढ़ नियंत्रण विंग को करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। यह नुकसान थुलेल पंचायत में हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान प्रभावित पेयजल योजनाओं में टूंडी-खनोड़ा-मोहरी, समोट-जसूर-डुखर, सुरपड़ा, भलेड़-जोलना, अंदोह-पुखर-अधवाड़, टिकरी, कियोड-ध्रूं-भटलाड़ी, मोरठू उपरला, जोलना खास, टिकरी-तीन, धुलारा-सिहुंता, कामला, त्रियु-भवलेड़, रजेईं-सरोगा और मोड़-जसूर-टूखड़ योजनाएं शामिल हैं। वहीं सिंचाई योजनाओं में थुलेल, बलाणा, हटली, धुलरा- सिहुंता, खग्गल-सिहुंता, बसोलदाह, अप्पर समोट एवं लोअर समोट योजनाएं शामिल हैं।
एसडीओ आईपीएच देसराज ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पेयजल योजनाओं को ठीक करके सप्लाई बहाल कर दी गई है। वहीं सिंचाई योजनाओं को ठीक करने में अभी समय लगेगा। यह काम बरसात के बाद ही पूरा हो पाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार भारी बरसात के कारण विभाग को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। हाल ही में हो रही बारिश से यह नुकसान और बढ़ने की संभावना है।
