
पिथौरागढ़/चंपावत। बारिश ने राहत कार्य में रोड़ा अटका दिया है। इसके चलते हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके और न ही राहत सामग्री पहुंचाई जा सकी। अब भी लोग फंसे हुएं हैं। चंपावत में भी सुबह से ही बारिश हो रही है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राजमार्ग में मलबा आया है। जिला प्रशासन ने फिर से अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना जताई है।
पिथौरागढ़ जिले में अभी भी करीब 860 लोग फंसे हैं। सरकारी तौर पर फंसे लोगों का आंकड़ा 600 का है। इन्हें निकालने अथवा राहत सामग्री पहुंचाने के लिए एक भी हवाई सेवा आज नहीं चल सकी। नैनीसैनी हवाई पट्टी से एक भी हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। तीनों हेलीकॉप्टर मौसम खुलने का इंतजार करते रहे लेकिन पहले बादलों से घिरा आकाश दुपहर से बरसने लगा। इससे आज राहत की बचीखुची संभावना भी खत्म हो गई। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 14वीं वाहिनी के सेनानी रणवीर सिंह ने बताया कि मौसम ठीक होने के बाद ही उड़ान संभव हो सकेगी।
