
बद्दी (सोलन)। जिला सोलन में रुक-रुक हुई बारिश खरीफ की फसल के लिए रामबाण साबित हुई है। शहर में रविवार देर रात बारिश शुरू हुई। सुबह तक बारिश का क्रम रुक-रुक कर जारी रही। वहीं बीबीएन क्षेत्र में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। कृषि विशेषज्ञ इस बारिश को मक्की की पैदावार के लिए फायदेमंद बता रहे हैं।
पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में बारिश न होने से खरीफ की फसल के लिए इसकी जरूरत बनी हुई थी। जिला भर में हल्की और मध्यम बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं बारिश होने से यहां पर गर्मी से भी राहत मिली है।
बीबीएन क्षेत्र में सुबह 5 से छह बजे तक हल्की बारिश हुई। मधाला के किसान मोहन मेहता, माधो राम मेहता, भटोली कलां से राम स्वरूप, संडोली पंचायत के जोध सिंह, ढेला के नसीब सिंह ने बताया कि अभी तक इस क्षेत्र में कम ही बारिश हुई है। एक-दो बारिश को छोड़ कर यहां पर न के बराबर ही बरसात हुई है। जिन किसानों ने मक्की की फसल लगाई है उसे पानी की काफी जरूरत थी। बारिश से हल्की राहत मिली है।
उधर, कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. यादव किशोर गौतम ने बताया कि बीबीएन में पहाड़ी क्षेत्र की अपेक्षा कम बारिश हुई है लेकिन जो भी पानी बरसा है वह खरीफ की फसलों के लिए उपयोगी साबित हुआ है। बीबीएन में चिकनी मिट्टी होने से पानी काफी देर तक पानी की सतह पर खड़ा रहता है। अगर यहां पर पानी कम भी बरसता है तो उसका फसल को फायदा मिल जाता है।
