बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल खेतों में बिछी

पुखरी (चंबा)। पुखरी इलाके में शनिवार रात को हुई बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा सेब, खुमानी, पलम, आड़ू व नाशपाती क ो भी क्षति पहुंची है। इससे किसान व बागवान मायूस हो गए हैं। शनिवार देर रात को इलाके की ग्राम पंचायत टिकरी, दुलाहर व झुलाड़ा में काफी बारिश हुई है। बारिश के साथ-साथ यहां पर ओलावृष्टि भी हुई है। ओलावृष्टि व तूफान आने से गेहूं की फसल खेताें में बिछ गई है। इसके अलावा सेब, आड़ू, पलम व नाशपाती के पौधों पर जो फूल निकले थे, वे भी झड़ गए हैं। इससे बागवानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। किसान व बागवान चतरो राम, ब्यास देव, सुरजीत, महिंद्र, प्यार सिंह, नरेंद्र कुमार, बृजमोहन, दीवान चंद, प्रवीन कुमार, संजय कुमार, परस राम, दिनेश कुमार, लोकी नंद, अनूप कुमार व लाल चंद ने बताया कि शनिवार रात को हुई ओलावृष्टि व बारिश ने खूब कहर बरपाया है। उन्होंने कहा कि इलाके में गेहूं की फसल देरी से होती है। इसके चलते यह अभी तक नहीं काटी गई है। किसानों ने कहा कि रात को तूफान आने व ओलावृष्टि से फसल खेतों में बिछ गई है। इसके अलावा सेब व अन्य फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि रविवार को भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसी तरह बारिश होती रही तो इन फसलों को काफी नुकसान हो सकता है।

Related posts