
नूरपुर (कांगड़ा)। थाना क्षेत्र नूरपुर के तहत एक गांव में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अधेड़ उम्र के व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म के प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित बच्ची के बयान पर आरोपी के खिलाफ भादसं की धारा 376, 506 व 5011 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता मोनिका (काल्पनिक नाम) शुक्रवार सुबह अपने घर से नजदीक मंदिर में पानी भरने के लिए गई थी। रास्ते में गांव के ही एक 63 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया तथा उसे किसी से कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी बीच पीड़ित बच्ची आरोपी के चंगुल से भागकर घर आई और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके उपरांत पीड़ित बच्ची के परिजनों ने पुलिस को सूचित किया तथा बच्ची के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। उधर, डीएसपी राजीव अत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रैहन बाजार में गारमेंट की दुकान में सेंध
रैहन (कांगड़ा)। स्थानीय मेन बाजार में दुकानों में चोरी की वारदातों से दहशत का माहौल है। बीते दो हफ्तों में चोर रैहन बाजार में चार बार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इसी कड़ी में 18 जुलाई को चोरों ने बस अड्डे के समीप एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। दुकान के मालिक सुनील कुमार के मुताबिक चोरों ने करीब 35 हजार के कपड़ों पर हाथ साफ किया है। एक सप्ताह पहले चोर किशोरी लाल की दुकान के दो बार ताले तोड़कर हजारों की मनियारी का सामान उड़ा ले गए। दिलचस्प बात यह है कि चोरी की वारदातें रैहन पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई हैं। इससे चोरों के हौसले का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय दुकानदारों राजिन्द्र कुमार, जगदीश, बलकार सिंह, नीलू, बिट्टू, मंजीत कुमार, अनु, राजकुमार इत्यादि ने पुलिस से रात में रैहन बाजार की गश्त व नाके लगाने की मांग की है। उधर, रैहन पुलिस चौकी के एएसआई सुरजीत पटियाल ने बताया कि पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
