
शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में पालिका क्लब का निर्माण किया जाएगा। नगर पंचायत तलाई की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया है। नगर पंचायत ने रैन बसेरा की ऊपरी मंजिल बनाने तथा बरसात के मौसम में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जरूरी सामग्री खरीदने का फैसला भी लिया है।
तलाई नगर पंचायत अध्यक्ष सरोज कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चरचा की गई। निर्णय लिया गया कि वार्ड तीन में स्थित सामुदायिक भवन में पालिका क्लब भी बनाया जाएगा। इस भवन में लोगों को ठहरने की सुविधा पहले ही मिल रही है। पालिका क्लब बनने से जहां बच्चों को टेबल टेनिस जैसे खेलों की सुविधा मिलेगी, वहीं बुजुर्ग व अन्य लोग भी विभिन्न गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे। आने वाले समय में ऊपरी मंजिल में लाइब्रेरी की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। श्रद्धालुओं व अन्य लोगों की सुविधा के मद्देनजर रैन बसेरा की ऊपरी मंजिल के निर्माण का निर्णय भी लिया गया। बैठक में बरसात के मौसम के मद्देनजर प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए कमेटी का गठन करने के साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि इसके लिए आवश्यक सामग्री की खरीद की जाएगी। बैठक में कई स्थानों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों को इसके बारे में शिकायत पत्र भेजने का फैसला लिया गया। बैठक में नपं उपाध्यक्ष पवन कौशल, पार्षद प्रोमिला, अंजू शर्मा, संतोष कुमारी, चंचलो देवी, संजय कुमार, शशिपाल, सुरेंद्र, राजीव, सचिव अशोक शर्मा व कनिष्ठ अभियंता अश्वनी कुमार आदि ने भाग लिया।
