बाबा की नगरी में पार्किंग नहीं

शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में श्रद्धालुओं को हजारों समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। पार्किंग नहीं होने के कारण यहां श्रद्धालु घंटों तक जाम में फंसने को विवश है। शाहतलाई को नगर पंचायत का दरजा मिले करीब 25 साल का समय बीत चुका हैं, लेकिन एक व्यापारिक कस्बा और धार्मिक स्थल होने के बावजूद यहां पार्किंग नहीं बन पाई। ट्रैफिक जाम होना यहां रोज की बात हो गई है।
धार्मिक नगरी को पर्यटक की दृष्टि से विकसित करने के सरकारी दावों पर संतोष नहीं किया जा सकता। बाबा की नगरी शाहतलाई में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला वर्ष भर जारी रहता है। ऐसे मे यहां श्रद्धालुओ को अपने वाहन पार्किंग करने के लिए उचित व्यवस्था न होने के कारण मंदिर के पास और सड़क के दोनों ओर खड़े करने पड़ते है। ऐसे में सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों की वजह से यातायात बाधित होता है। इससे दुकानदाराें को खासी परेशानियां झेलनी पड़ती है। स्कूली बच्चों का तो सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने के बराबर है। पंजाब व हरियाणा से आए श्रद्धालु केवल चौहान, रविदत्त शर्मा, मंगा राम शर्मा, गुरमीत सिंह, बलवार सिह, ओंकार चंद, नसीब सिंह, केहर सिह, अश्वनी कुमार, कृष्ण कुमार का कहना है कि इस धार्मिक स्थली में पिछले कई सालों से बाबा के दर्शनार्थ आ रहे है, लेकिन विकास के नाम पर अभी तक ठोस प्रयास नही हो पाए है। उधर, नगर पचायत सचिव अशोक शर्मा का कहना है कि मेलों के दौरान यहां अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की जाती है। गुरूणा झाड़ी मंदिर के पास एक पार्किं ग का निर्माण कार्य शुरू किया है। शीघ्र ही श्रद्धालुओं को पार्किंग की सुविधा मिल जाएगी।

Related posts