
धर्मपुर (मंडी)। जिले के मंदिराें के अकूत खजाने पर चोराें की तिरछी नजर है। अब सरकाघाट उपमंडल में विख्यात बाबा कमलाहिया मंदिर की संपत्ति पर सेंध लगाने की कोशिश की गई है। आरोपी अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो सका तथा लोगाें के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अन्य मंदिरों से भी चोरी करने की बात कबूली है। वीरवार रात को आरोपी की बाबा कमलाहिया मंदिर की संपत्ति पर नजर थी। धर्मपुर पुलिस चौकी प्रभारी नसीब सिंह ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।
हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान बलवंत चंद पुत्र मंगलू राम निवासी चौकी (मंडप) के रूप में हुई है। उसके अन्य साथियाें के बारे में भी पुलिस पूछताछ करेगी। वीरवार रात को आरोपी मंदिर में उस समय दाखिल हुआ जब मंदिर का चौकीदार जरूरी सामान लेने के लिए कुछ ही दूर दुकान पर गया था। वापस लौटा तो देखा कि आरोपी मंदिर सराय के ताले को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। चौकीदार को देखकर उसने ताला तोड़ने का सामान वहीं छोड़ दिया तथा वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन मंदिर चौकीदार की मुस्तैदी के चलते गेट से बाहर नहीं निकल पाया। चौकीदार ने मंदिर को आने वाले एकमात्र गेट को बंद कर दिया तथा रात भर गेट के बाहर पहरेदारी पर बैठा रहा। घटना की सूचना पंचायत प्रधान तथा ग्रामीणों तक पहुंचने पर सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो आरोपी सराय के साथ लगती गहरी खाई में ही बैठा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने पर पुलिस आरोपी से उसके साथियाें के बारे में भी गहन पूछताछ कर रही है। घटना की पुष्टि करते हुए धर्मपुर चौकी प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि आरोपी की मंदिर की संपत्ति पर नजर थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य मंदिराें में भी चोरी की बात को कबूला है।
