बाबली में दागी गोली, महिला को लगे छर्रे

पधर (मंडी)। पधर उपमंडल के बाबली गांव में शुक्रवार दोपहर बाद घासणी में घास काट रही वृद्ध महिला को गोली के छर्रे लगे हैं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। अज्ञात बंदूकधारी ने गोली जानवर पर दागी या फिर कोई और कारण थे, इसका पुलिस पता लगा रही है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। बंदूक से चले छर्रों से महिला के दोनों बाजू छलनी हो गए हैं। जबकि शरीर का अन्य हिस्सा सुरक्षित है। समीप ही पशु चरा रही ममता देवी को गोली चलने और वृद्धा के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो वह तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। इस बीच उसने हादसे की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों में पूर्व वार्ड सदस्य रोशन लाल, ममता देवी, गुलाब सिंह, अजय कुमार, हेमा देवी ने घायल वृद्धा को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर पहुंचाया। पधर अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद बुजुर्ग महिला को जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया है। पधर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत बड़ीधार के बाबली गांव में वृद्ध महिला डिबली देवी पत्नी स्वर्गीय संत राम शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर के समीप घासणी में घास काट रही थी। इसी दौरान घटना घटी। बारूदी धुएं से अज्ञात बंदूकधारी का पता नहीं चल सका, जो वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। उधर, पधर पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियाें के बयान दर्ज कर लिए हैं। घायल महिला बयान देने की हालत में नहीं है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई को अंजाम देगी। थाना प्रभारी संजीव सूद सूचना मिलते ही बाबली गांव को पुलिस टीम के साथ रवाना हो गए हैं। उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गोलीकांड की छानबीन कर रही है। अज्ञात हमलावर की धरपकड़ को पुलिस ने गांव में जाल बिछा दिया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि बंदूकधारी ने जंगली जानवर को मारने के लिए गोली चलाई हो, जिससे घास काट रही वृद्धा चपेट में आ गई।

Related posts