
नाहन (सिरमौर)। आसाराम के खिलाफ विरोध की चिंगारी कालेज कैंपस तक पहुंच गई है। सोमवार को नाहन कालेज की एनएसयूआई इकाई ने आसाराम के खिलाफ मोर्चा खोला। एनएसयूआई ने शहर इकाई अध्यक्ष ईशान राव के नेतृत्व में महिला शोषण तथा अत्याचारों के खिलाफ आसाराम का पुतला फूंका। इस मौके पर एक दर्जन से अधिक इकाई कार्यकर्ता मौजूद थे। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही एसएफआई ने नाहन कालेज छात्र संघ अध्यक्ष अमित कुमार की अगुवाई में आसाराम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर विरोध रैली निकाली थी।
सोमवार को एनएसयूआई ने आसाराम का पुतला फूंक विरोध प्रदर्शन को और हवा दे दी। छात्र संगठनों का साफ तौर पर कहना था कि महिला शोषण तथा अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आसाराम को उनके जरिए किए गए कुकृत्य के लिए कठोर से कठोर सजा दी जानी चाहिए। एनएसयूआई ने सोमवार को साफ शब्दों में कहा कि कन्याओं के साथ दुष्कर्म करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसी घटनाओं से भारत जैसे देश में पौराणिक युग से पूजनीय साधू संतों की पवित्रता को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
एनएसयूआई ने पुतला फूंकने के बाद जोर देकर कहा कि यदि सरकारें आसाराम को सजा देने में हिचकिचाती हैं तो एनएसयूआई अपना विरोध प्रदर्शन और तेज कर देगी। इस दौरान नाहन एनएसयूआई के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रदीप शर्मा, मोहन सिंह, राम कुमार, नवीन कुमार, योगेश, संदीप सिंगटा, हरीश शर्मा, प्रीतपाल सिंह, राजीव सोडा, पियूष, नरेंद्र थापा, गंभीर, चांदनी, प्रिया, मनप्रीत, प्रभजोत कौर, शुभम सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
