
कोटली (मंडी)। तुंगलघाटी के कोटली पंचायत के अंतर्गत बलाहर गांव में आसमान से आफत गिरी है। बादल फटने से एक रिहायशी मकान पर मलबा गिरने से मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही किसानों के खेत बह गए। हालांकि, कोई जानमाल का नुकसान नहीं है। पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने घटनास्थल का दौराकर पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी है। प्रशासन भी नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
भारी बारिश से शनिवार रात को कोटली पंचायत के छोबा नाले ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे बलाहर गांव में काफी नुकसान हुआ है। बाढ़ के पानी की चपेट में कई मकान और कृषि योग्य भूमि आ गई। बलाहर गांव निवासी भीखम राम के घर में मलबा घुस गया। साथ ही मकान की दीवार और छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा दुर्गा सिंह, उत्तम चंद, तेज राम, सूरज सिंह, गुरदयाल और गिरधारी कीगोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। भीम सिंह के मकान को खतरा बना हुआ है। बलाहर गांव के शिव लाल, कपूर चंद, तिलक राज, नरेश के कई खेत बाढ़ में बह गए। पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। उनके साथ नायब तहसीलदार मित्र देव, पंचायत प्रधान चमन लाल ठाकुर, उपप्रधान गोपाल सिंह, वार्ड पंच रोशन लाल, बीडीसी सदस्य प्रकाश चंद भी मौजूद रहे। नायब तहसीलदार का कहना है कि बलाहर गांव में बादल फटने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उधर, साई पंचायत के गमधोल गांव में सड़क धंसने से कृष्ण गोपाल के मकान को गिरने का खतरा बना हुआ है। बग्गी तुंगल पंचायत के बलौर गांव में भूस्खलन से मुरारी लाल, धर्म सिंह के मकान को खतरा बना हुआ है।
