बादल फटने से घरों में घुसा पानी

नगवाईं (मंडी)। क्षेत्र की चौहटीगढ़ पंचायत के रोपा गांव के ऊपर की पहाड़ी में बादल फटने के कारण भारी नुकसान हुआ है। कई घरों में पानी घुसने से सारा सामान खराब हो गया। वहीं किसानों की कई बीघा भूमि पर फलदार पौधों के साथ टमाटर व गोभी की फसल तबाह हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार औट हीरा चंद ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
जिला मंडी व कुल्लू की सीमा पर बसे रोपा गांव के साथ लगती पहाड़ी पर सोमवार सुबह करीब चार बजे बादल फटने के कारण रोपा गांव में काफी नुकसान हुआ है। पानी, मलबे से रोपा गांव के कई घरों में पानी घुस गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। नींद से जाग कर लोग घर के अंदर का सामान बचाने में जुट गए।
बादल फटने से वाया कटौला जाने वाली कुल्लू मंडी सड़क पर मलबा आने से यातायात अवरुद्ध रहा। हालांकि करीब साढ़े नौ बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार औट हीरा चंद ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि बादल फटने से रोपा के यशपाल, विशाल, किशन चंद, सुंदरलाल व गोपाल की करीब 2.5 बीघा जमीन पर नुकसान हुआ है। सेब के 20 पेड़, पलम के 15 पेड़ तथा अनार के 30 पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पानी व मलबे से खेतों में गोभी तथा टमाटर की नकदी फसल पूरी तरह से तबाह हो गई है। उन्होंने बताया कि उक्त परिवारों के घरों में पानी घुस गया था। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी।

Related posts