
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्र की बातानदी में नहाते वक्त ग्राम डांडा का एक युवक डूब गया। महिलाओं ने युवक को डूबते देख कर शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने तलाशने का प्रयास किया। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड एवं स्थानीय गोताखोर टीम मौके बुलाई गई है। डूबा युवक ट्रक क्लीनर कार्य करता था।
जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रशपाल (22) उर्फ मोंटू पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव डांडा निकट पांवटा साहिब बाता मंडी के समीप पहुंचा। सुबह के समय वाहन सड़क के किनारे खड़ा हो गया। इस बीच क्लीनर नदी में नहाने के बाद कपड़े धोने लगा। अचानक पांव फिसलने से नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। बाता मंडी में झोपड़ पट्टियां बना कर रहने वाले परिवारों की कुछ औरतों ने युवक को डूबते हुए देखा। महिलाओं के शोर मचाने पर कुछ दूरी पर नजर आए मछूवारे और स्थानीय लोग नदी में तलाशने को निकले लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद सूचना पांवटा पुलिस थाने में कर दी गई। इसके बाद पांवटा के डीएसपी, मुख्य आरक्षी सुरेंद्र सिंह समेत टीम मौके पर पहुंची। युवक के घर डांडा में भी सूचित कर दिया। युवक के ताया लक्ष्मण सिंह समेत ग्रामीण एवं परिजन मौके पर पहुंच गए।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ग्राम डांडा निवासी रशपाल (22) बाता नदी में डूबने की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय गोताखोर एवं साथ लगते उत्तराखंड सीमा के गोताखोर बुलाए हैं। बाता मंडी के समीप बाता नदी में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।
