बाढू इंजीनियरिंग कालेज के दो कर्मचारी गिरफ्तार

गोहर (मंडी)। बाढू इंजीनियरिंग कालेज स्टाफ के दो कर्मचारियों को गोहर पुलिस ने धारा 420 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। कालेज प्रबंधन के खिलाफ तहसीलदार गोहर अनिल भारद्वाज ने गोहर पुलिस थाने में कालेज छात्रों की करीब साढ़े पांच लाख से अधिक फीस गायब करने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद तफ्तीश शुरू की थी। इसी कड़ी में पुलिस ने कालेज के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार किए गए कर्मियों में पंकज शर्मा और दिनेश राय हैं। इन दोनों को पुलिस ने धारा 420 के तहत इनके घरों से गिरफ्तार किया है। दोनों बाढू इंजीनियरिंग कालेज में अकाउंट्स ब्रांच में कार्यरत थे। छात्रों की फीस लेने के बाद जब उसे गायब कर दिया तो उसके बाद ये दोनों बाढू कालेज में सेवा देने नहीं आए थे। इस संबंध में कालेज के छात्रों ने कई बार कालेज के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कालेज छात्रों ने अपनी फीस का पता लगाने के लिए डीसी मंडी को भी अवगत करवाया। इसके बाद तहसीलदार गोहर एवं प्रशासक अनिल भारद्वाज ने कालेज में छानबीन करने के बाद इस संबंध में गोहर पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। एसपी आरएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।

Related posts