
उत्तरकाशी। बैराज जलाशय प्रभावित ज्ञानसू के लोगों ने आंदोलन को उग्र रूप देते हुए जल विद्युत निगम कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू न होने पर सोमवार को फिर से तालाबंदी की चेतावनी दी।
ज्ञानसूवासी मनेरीभाली द्वितीय चरण परियोजना के बैराज जलाशय के तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने की मांग के लिए पिछले चार दिनों से बैराज कंट्रोल रूम के समक्ष धरना दे रहे हैं। शनिवार को प्रभावितों ने आंदोलन को उग्र रूप देते हुए जल विद्युत निगम के कार्यालय पर प्रदर्शन कर तालाबंदी की। गुस्साए लोगाें का कहना था कि वह जलाशय के तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग के लिए कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। ज्ञानसू बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ज्ञानचंद रमोला ने चेतावनी दी कि जब तक बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू नहीं किए गए तब तक धरना रखने के साथ ही सोमवार को फिर से तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व विधायक गोपाल रावत, विजेंद्र सिंह असवाल, सतेंद्र नौटियाल, चंदन सिंह राणा, नत्थी सिंह, विनीता सेमवाल, जयवीर चौहान, बाल शेखर नौटियाल आदि अनेक प्रभावित मौजूद रहे।
