बाढ़ का खतरा देख शिफ्ट किए 60 परिवार

लक्सर। पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शेरपुर बेला गांव के 60 परिवार के 300 लोगों को खानपुर एक प्राइमरी स्कूल में शिफ्ट कर दिया है। ग्रामीणों के खाने पीने की व्यवस्था भी कर दी गई है।
एक सप्ताह पूर्व हुई भारी बारिश के चलते लक्सर क्षेत्र में बाढ़ आ गई थी। शेरपुर बेला गांव में उफनते पानी ने तटबंध तोड़ दिया था। करीब 150 मीटर गंगा नदी का तटबंध टूटा हुआ है। पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते अब गंगा का जलस्तर फिर बढ़ना लगा है। जलस्तर बढ़ने पर सोमवार देर शाम करीब आठ बजे पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम ने गांव के 60 परिवारों के घर खाली करा दिए हैं। 60 परिवारों के 300 लोग अपनी-अपनी जरूरतों का सामान लेकर टीम के साथ रवाना हुए। प्रशासन ने इन सभी के खानपुर गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में रहने की व्यवस्था की है। यहां इनके खाने और पीने का भी इंतजाम किया गया है। इसके अलावा शेरपुर बेला गांव के अन्य परिवारों को भी विस्थापित करने की तैयारी चल रही है। खानपुर एसओ प्रवीण कोशयारी ने 60 परिवारों को शिफ्ट करने की पुष्टि की है।

Related posts