
बागेश्वर। अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल ने उपजिला अधिकारियों और विकास अधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश के क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि दो सितंबर को जिले के प्रभारी मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह इसका शुभारंभ करेंगे।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा अध्यादेश को जिले में दो सितंबर को लागू कर दिया जाएगा। इस अध्यादेश के तहत खाद्य योजनाओं की शुरुआत प्रभारी मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी करेंगे। इसके लिए अभी से तैयारियां करनी होेंगी। जिला मुख्यालय की मलिन बस्तियों और अन्य क्षेत्रों में रहने वाले 100 पात्र परिवारों को इस योजना के लिए चुना जाना चाहिए। उन्होंने तहसील, ब्लाक और न्याय पंचायत स्तर पर पर्यवेक्षक नियुक्त करने, उनकी सूची तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एडीएम ने कहा कि इस योजना के सर्वेक्षण के लिए बनाई जा रही टीमों में लोनिवि और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को शामिल नहीं किया जाए। बैठक में कांडा की एसडीएम रेखा कोहली, गरुड़ के अनिल चन्याल, तहसीलदार मदन सिंंह बिरोड़िया, बीडीओ संगीता आर्या, एमएन गोस्वामी, जीडी भट्ट, कुंदन राम तिरूवा आदि मौजूद थे।
