
अल्मोड़ा। बजरंग दल अल्मोड़ा ने नगर पालिका परिषद बागेश्वर प्रशासन पर बागेश्वर से 16 गौवंशीय पशुओं को एक कैंटर में ठूंसकर बाजपुर भेजने का आरोप लगाया है। बजरंग दल के त्रिभुवन कबडवाल ने इसे लेकर बागेश्वर के पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ अल्मोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 14 जुलाई को पालिका परिषद बागेश्वर से 16 आवारा पशु एक कैंटर में ठूंसकर बाजपुर गौ सदन भेजे गए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लोधिया के निकट इस कैंटर को रोक लिया और वाहन को नहीं जाने दिया। इसके बाद वाहन चालक इन पशुओं को अन्य वाहनों के जरिए ले गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बताया कि इनमें से एक बछड़ा बीमार था, जिसे उपचार के लिए लोधिया में रखा गया है।
बजरंग दल का आरोप है कि बागेश्वर पालिका प्रशासन के निर्देश पर कैंटर संख्या यूके 04-सीए-5174 का वाहन चालक इन 16 गोवंशीय आवारा पशुओं को ठूंसकर बाजपुर ले गया। बजरंग दल ने इसके लिए नगर पालिका परिषद बागेश्वर के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया है। बजरंग दल ने बागेश्वर पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ अल्मोड़ा के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (घ) में मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस ने बताया कि एसपी के निर्देश पर मामला बागेश्वर थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है।
नवीन उपाध्याय
