बागी में एटीएम में सेंधमारी

कोटखाई (शिमला)। कोटखाई तहसील के बागी स्थित यूको बैंक के एटीएम को तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। चोर एटीएम का चेस्ट (कैश बॉक्स) नहीं तोड़ सके। एटीएम से नौ हजार 600 रुपये का कैश गायब है। आशंका जताई जा रही है कि कैश बॉक्स से बाहर रही रकम पर चोर हाथ साफ कर गए। हालांकि देर शाम तक कैश की जांच का काम चल रहा था। एटीएम में करीब छह लाख रुपये की रकम थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात की है। चोरों ने बागी बाजार में स्थित यूको बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। यूको बैंक के शाखा प्रबंधक विशाल पत्रवाल ने बताया कि एटीएम का संचालन एजीएस कंपनी करती है। एटीएम भी कंपनी का ही है। एजीएस कंपनी के अधिकारियों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया। बुधवार देर शाम को कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि चोरों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया है। कंपनी के अधिकारी एटीएम में लगे कैमरे से रिकार्ड फुटेज की जांच कर रहे हैं। देर शाम को कंपनी अधिकारी पहुंचने के बाद एटीएम में कैश गणना काम हुआ। मशीन का कैश बॉक्स सलामत मिली। लेकिन कैश बाक्स से बाहर निकले नौ हजार 600 रुपये गायब हैं। बताया जा रहा है कि सबसे सुरक्षित एटीएम का कैश बॉक्स चोर नहीं तोड़ सके। लेकिन कभी-कभार कुछ रुपये इससे बाहर रह जाते हैं। यही रकम चोर उड़ा ले गए। हालांकि देर शाम तक एटीएम से गायब कैश की जांच पड़ताल चल रही थी। कोटखाई पुलिस थाना प्रभारी गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts