बागवानों को नहीं मिल रही दवाइयां : बरागटा

जुब्बल (शिमला)। सेब पर बीस प्रतिशत की दर लगाना एक बागवानी विरोधी निर्णय है। आढ़ती अपनी मनमानी कर रहे हैं। बावजूद इसके कांग्रेस सरकार कोई भी कार्यवाही नहीं कर रही है। उद्यान केंद्रों में अनुदान पर बागवानों को आवश्यक दवाइयां नहीं मिल रही हैं। यह बात भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा ने खड़ापत्थर में आयोजित भाजपा मंडल पदाधिकारियों की विशेष बैठक के दौरान कही।
बरागटा ने कहा कि उद्यान केंद्रों में आम बागवानों को दवाइयां नहीं मिल रही हैं। केंद्रों में जितनी भी खेप आती है उसे कांग्रेस के रसूखदार लोग ले जाते हैं। जबकि, भाजपा कार्यकाल में उन्होंने कभी भी सेब की दवाइयों की कमी नहीं आने दी। उनके कार्यकाल में बागवानों के लिए आवश्यक दवाइयां हर समय उपलब्ध रहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बागवानों के हितों की अनदेखी की गई तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। भाजपा मंडल रोहडू के अध्यक्ष लायक राम चौहान ने बताया कि बैठक के दौरान मंडल पदाधिकारियों ने प्रस्ताव पारित कर जुब्बल कोटखाई के कांग्रेस विधायक की कार्यप्रणाली की निंदा की है। जुब्बल कोटखाई में ठेकेदारी प्रथा हावी हो गई है। कांग्रेस अपने चहेतों को ठेके देने में व्यस्त है। सेब सीजन कुछ दिन में शुरू होने वाला है। सड़कों की स्थिति बद से बदतर हो गई है, जिन्हें सुधारने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया जा रहा है। इस अवसर पर मंडल महामंत्री गोपाल जबैईक, उमेश शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक जस्टा, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष बंसी लाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष निशा देवी सहित दर्जनों मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related posts