
सराहां (सिरमौर)। बागथन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों का भारी टोटा है। यहां दाखिला ले रहे नए छात्रों तथा अभिभावकों को रिक्त पदों ने परेशानी में डाल दिया है। उन्हें चिंता सता रही है कि यदि यह सिलसिला वर्ष भर चलता रहा तो उनके बच्चों का भविष्य क्या होगा? शिक्षकों की कमी को लेकर क्षेत्र के लोगों ने कई बार स्थानीय नेताओं तथा सरकारी नुमाइंदों से भी बात की, लेकिन किसी ने अभी तक कुछ भी नहीं किया। हालांकि, एसएमसी ने हाल ही में बैठक कर निर्णय लिया कि स्कूल में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। इसके लिए संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बागथन वरिष्ठ स्कूल में प्रधानाचार्य, टीजीटी साइंस, टीजीटी आर्ट्स, वरिष्ठ अधीक्षक, लिपिक, भाषा अध्यापक तथा शारीरिक शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली हैं। एसएमसी प्रधान कौशल दत्त, सदस्य चंद्रमणि, महेंद्र, बाबूराम, रक्षा देवी, निर्मला देवी, कमलेश ने बताया कि स्कूल में कई पद रिक्त हैं। इसके लिए शिक्षा विभाग तथा सरकार से मांग की गई है। उधर, बागथन स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि एसमएसी की बैठक में प्रस्ताव डालकर सरकार तथा विभाग को भेजा गया है।
