बाईपास क्रासिंग और टॉलैंड में लगेगी ट्रैफिक लाइट

शिमला। शहर की सड़कों पर जल्द ही ट्रैफिक लाइटें दुरुस्त की जाएंगी। टुटीकंडी बाईपास क्रासिंग और टॉलैंड में पहली बार ट्रैफिक लाइट लगाने का प्रस्ताव है। यहां सुबह से शाम तक काफी आवाजाही रहती है। मौजूदा समय में ट्रैफिक पुलिस के जवान ट्रैफिक को दुरुस्त करने में जुटे रहते हैं। ट्रैफिक सिग्नल लगने के बाद इन जगहों पर ज्यादा पुलिस की जरूरत नहीं रहेगी। बालूगंज और खलीनी में लगे ट्रैफिक सिग्नल को वहां से हटाकर नई जगह लगाया जाएगा। खलीनी में लाइट बंद ही रहती है। जिन दो जगह पर यह सिग्नल लगे हैं, इनके चालू होने से ट्रैफिक दुरुस्त नहीं होता बल्कि पुलिस के लिए सिरदर्द हो जाता है। लिहाजा, इन्हें इसी स्पॉट पर ऐसी जगह लगाया जा रहा है, जहां दिक्कत नहीं बल्कि लोगों के लिए सहूलियत हो। ढली टनल में लगा ट्रैफिक सिग्नल भी खराब है। इस वजह से यहां ट्रैफिक जाम की सबसे अधिक समस्या है। डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने कहा कि कुछ जगह नई ट्रैफिक लाइट लगाई जाना प्रस्तावित हैं। जहां ट्रैफिक लाइटें खराब हैं, उन्हें दुरुस्त करने के लिए संबंधित कंपनी से करार किया जा रहा है। फिलहाल इस कंपनी के साथ मरम्मत का अनुबंध खत्म है। नए सिरे से यह प्रक्रिया चल रही है।

Related posts