
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत मंगलवार शाम कंडवाल में बाइक स्किड होने से उस पर सवार एक सैनिक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ममून स्थित आर्मी यूनिट में तैनात सैनिक आशुताल पुत्र सुखराज निवासी जरोट (राजस्थान) अपनी बाइक पर ममून से कंडवाल में पेट्रोल डलवाने आया था। जबकि बाइक के पीछे उसका दोस्त सैनिक रंजीत सिंह पुत्र लक्षमण सिंह निवासी खदोल(राजस्थान) बैठा हुआ था। कंडवाल से बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद आशुताल ममून छावनी की तरफ वापस जा रहा था कि अचानक कंडवाल में बाइक स्किड होने से बाइक के पीछे बैठा सैनिक रंजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से रंजीत सिंह को तुरंत आर्मी अस्पताल पठानकोट ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने के कारण बुधवार को उसकी मौत हो गई। वहीं मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने बाइक चालक आशुताल के खिलाफ धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक रंजीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
