
किच्छा। टेंपो की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक टेंपो समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
ग्राम अंजनखेड़ा मिलक रामपुर निवासी प्रेम शंकर पुत्र पूरन लाल शुक्रवार की सायं अपनी मां शांति देवी (45) के साथ बाइक से किच्छा की ओर आ रहा था। इसी बीच हरियाली बाजार के निकट टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। शांति देवी टेंपो की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक टेंपो समेत फरार हो गया। यह देख आसपास के लोगों ने मां और बेटे को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने शांतिदेवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाल हरक सिंह फिरमाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस अज्ञात टेंपो चालक की तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस टीम जाम खुलवाने में लगी हुई हैं।
