बाइक सवार दंपति पर पहाड़ी से गिरा पत्थर

चंबा। चंबा-साहो मार्ग पर बालू पुल के पास बाइक सवार एक दंपति पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया। हादसे में दोनों घायल हो गए हैं। बाइक चला रहे पति ने हेल्मेट पहन रखा था, जो पत्थर लगने से टूट गया। हालांकि इसके चलते उसे गंभीर चोट नहीं आई है, मगर उसकी पत्नी को सिर पर गंभीर चोट लगी है। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज अस्पताल टांडा रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार और उनकी पत्नी नीलम गांव भ्रैणी डाक घर उटीप वीरवार शाम को चंबा बाजार से बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। बालू से तीन दो सौ मीटर की दूरी पर साहो रोड पर पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर उन पर आ गिरा। दोनों इसकी चपेट में आकर गिर गए। महिला के सिर पर गहरी चोट आने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। क्षेत्रीय अस्पताल में महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा के लिए रेफर कर दिया गया है। बाइक चालक का हेल्मेट की वजह से काफी बचाव हुआ है। डा. नागेश वर्मा ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया है।

Related posts