
खटीमा। बनगवां में घात लगाकर बैठे लोगों ने बाइक से घर लौट रहे युवकों के साथ मारपीट की और एक युवक को तमंचे से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इधर पुलिस ने इस मामले में चार के खिलाफ मामला दर्ज किया।
बनगवां निवासी मान सिंह ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार करीब 12 बजे उसका भाई बलबीर सिंह अपने दोस्त राजू के साथ बाइक से घर आ रहा था। उसी दौरान बनगवां गुरुद्वारे के पास पहले से ही हथियारों से लैस बैठे गांव के ही मलकीत सिंह, इंद्रपाल सिंह, हरजिंदर सिंह औ सुरेश सिंह ने घेर लिया और मारपीट की। उनके भागने पर दौड़ाकर गिरा लिया और गोली मारकर घायल कर दिया। जिसके बाद लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी फरार हो गए। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से घायल बलवीर और राजू को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मान सिंह की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
