बाइक दुर्घटना में एक की मौत, एक घायल

नाहन (सिरमौर)।(दीप राम) कालाअंब-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग-72 पर आमवाला के समीप सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय कैलाश निवासी कौंथरों थाना कालाअंब सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार बने कौंथरो निवासी कैलाश एवं नाहन निवासी मनीष कालाअंब स्थित एक फैक्टरी से शुक्रवार देर शाम को अपनी मोटर साइकिल पर सवार होकर दोनों युवक नाहन की ओर जा रहे थे। इस बीच आमवाला के समीप पहुंचने पर बारिश के चलते सड़क के गीला होने पर उनकी बाइक स्किट हो गई। हादसे में घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल नाहन लाया गया लेकिन कैलाश की जान नहीं बचाई जा सकी। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी कालाअंब विजय कुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related posts