
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के तहत रोड गांव में रविवार देर शाम जीप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार (45) पुत्र उत्तम चंद निवासी राजा का तालाब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार अपनी बाइक पर राजा का तालाब से जसूर की तरफ आ रहा था कि रोड नामक गांव में सामने से आ रही महिंद्रा जाइलो जीप ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नूरपुर अस्पताल लाया गया। नूरपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी दशा को गंभीर देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि उसके परिजन उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मृत्यु हो गई। डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने जीप चालक बलकार सिंह पुत्र जगदीश निवासी वांसा दा मोड़ के खिलाफ धारा 279, 337 व 304 ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
