बांध प्रबंधन बांटेगा ढाई करोड़ की राशि

ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध प्रबंधन द्वारा 25 पंचायतों को वितरित की जाने वाली 10-10 लाख रुपये की राशि को लेकर विकास संबंधी योजनाओं का खाका तैयार कर लिया गया है। सभी पंचायतों से विकास की प्राथमिकताएं तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सभी पंचायतें इस राशि को अपने आधार पर विकास व कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च कर सकें। इस बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीपीएस विनय कुमार ने कहा कि सभी पंचायतें प्राथमिकता के आधार पर इस राशि को खर्च कर अपनी आवश्यकताओं को पूरा करें। यह राशि समान रूप से सभी पंचायतों में 10-10 खर्च की जाएगी।
बांध परियोजना के महाप्रबंधक बीके कौशल ने कहा कि सीपीएस विनय कुमार के प्रयासों के बाद ही 2.5 करोड़ की राशि पावर कार्पोरेशन ने स्वीकृत कर बांध प्रबंधन को सौंपी है। सभी पंचायतों ने विकास की योजनाओं का खाका तैयार कर बांध प्रबंधन को सौंप दिया है, लेकिन उनमें प्राथमिकता को तय किया जाना अभी बाकी है। प्राथमिकता तय होते ही इन सभी कार्यों को शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में एसडीएम संगड़ाह एचएस नेगी, एजीएम पीके कथूरिया, वीके गुप्ता, वरिष्ठ प्रबंधक आरपी वर्मा, जीएस राणा, एमएल भट्टी, प्रदीप मेहरा व अमिता चंदन के अतिरिक्त सभी पंचायतों के प्रधान व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related posts