बांध परियोजना से निकाले कामगारों का प्रदर्शन जारी

=ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना कार्यालय से निकाले गए 39 कामगारों ने मंगलवार को नौवें दिन भी बांध प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष जाहिर किया। विस्थापितों ने कहा कि बांध प्रबंधन ने उनको सरकारी नौकरी का झांसा देकर काम पर रखा था लेकिन सभी पंचायतों द्वारा एनओसी मिलने व विस्थापितों की जमीनें बांध प्रबंधन के नाम होने के तुरंत बाद इन कामगारों को बिना किसी सूचना के काम से निकाल दिया गया।
कामगारों ने स्पष्ट किया कि परियोजना की आरएंडआर प्लान योजना में विस्थापित व प्रभावित परिवारों को सरकारी नौकरी देना सुनिश्चित कर रखा है लेकिन उसके बावजूद भी इन कामगारों को प्रबंधन ने काम से निकाल दिया जिसको लेकर बुधवार को काम से निकाले गए कामगार कार्यालय से लेकर ददाहू बाजार तक विरोध रैली निकालेंगे। इसमें संघर्ष समिति, बांध सहयोग समिति व आजीविका बचाव नीति भी विस्थापितों का समर्थन करते हुए इस रोष रैली में हिस्सा लेंगे। साथ ही बांध प्रबंध को इन कामगारों को अपना हक वापस दिलाने के लिए प्रदर्शन भी करेंगे।
उधर कामगार यूनियन के प्रधान मान सिंह, प्रदीप कुमार ने बांध प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि उनको काम पर वापस लगाए जाने के साथ-साथ उन्हें नियमित भी किया जाए क्योंकि सभी कामगार बीते पांच वर्षों से कार्यालय में अपनी विभिन्न सेवाओं से परियोजना निर्माण की गति को आगे बढ़ा रहे हैं।

Related posts