
शिलाई (सिरमौर)। ग्राम पंचायत बांदली के शरोग, पटाई तथा भुगाड़ी में पिछले 7 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होकर रह गई है। यहां के ग्रामीण पीने के पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण ऐसा हो रहा है। विभाग अपनी देखरेख सही प्रकार से नहीं कर पा रहा। ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि पेयजल व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो सभी ग्रामीण धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
बांदली पंचायत के पूर्व प्रधान रती राम भारद्वाज, ग्रामीण नैन सिंह शर्मा, रमेश, दिनेश, मातवर भारद्वाज, टीका राम शर्मा व मदन सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कहा है कि दो वर्ष पूर्व उनके लिए खड्ड से पेयजल लाइन बनी है। इस पेयजल लाइन से गांव भुगाड़ी, पटाई, शरोग आदि के लिए आपूर्ति की जाती है मगर विभाग की लापरवाही के कारण इस लाइन की ठीक ढंग से देखभाल नहीं हो पा रही जिससे पेयजल किल्लत बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी पेयजल व्यवस्था को ठीक नहीं किया गया तो उक्त तीनों ही गांव के 75 परिवार विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
उधर, इस संबंध में सहायक अभियंता उप मंडल शिलाई पीसी शर्मा ने बताया कि लाइन पर कर्मचारी काम के लिए भेजे जा रहे हैं। लाइन जुड़ते ही पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।
