बांटी राहत, दीर्घकालीन योजना पर भी विचार

गढ़वाल। इस बार की आपदा में कई गांव और कस्बे तबाह हैं। बावजूद इसके फौरी तौर पर राहत सामग्री बांटने के साथ ही कई संस्थाएं दीर्घकालीन योजना के साथ भी लोगों के बीच आ रही है। कासा माउंटेन क्लेक्टिव ने उत्तरकाशी के दो हजार आपदा पीड़ितों को तत्कालिक राहत देने के साथ उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का निर्णय लिया है। कासा के सुरेश सतपथी और मनोज पांडे से बताया कि आपदा प्रभावितों की समस्याओं को उजागर करने के लिए प्रभावितों से संवाद किया जाएगा। कहा कि सरकार को सभी भूमिहीन और आवासहीन लोगों को जमीन उपलब्ध करानी चाहिए। साथ ही आपदा प्रबंधन नीति और पुनर्वास नीति पर भी नए सिरे से मंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संस्था भी स्थानीय सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर दीर्घावधि तक प्रभावितों के साथ काम करने की योजना बना रहा है।

पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
घनसाली (टिहरी)। संसदीय सचिव और जिले के सह प्रभारी मंत्री फुरकान अहमद भिलंगना ब्लॉक के बूढ़ाकेदार व घुत्तु के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री का वितरण किया गया। कांग्रेस पार्टी की ओर से उन्होंने पीड़ित परिवारों को आटा, चावल, दाल व चीनी का वितरण किया।

प्रभावितों को बांटे चेक
श्रीनगर। अंतरराष्ट्रीय संस्था सीआरएस ने शक्ति विहार के आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री और चेक वितरित किए। बृहस्पतिवार को करुणा सोशल सर्विस सेंटर, सधर्मयम रिसर्च एंड डायलॉग सेंटर, सेंट टेरेसा स्कूल और संजो स्कूल के सहयोग से संस्था ने 66 प्रभावित परिवारों को 27-27 सौ रुपये के चेक दिए। अगले चरण में पैठाणी के 54 परिवारों को सोलर लैंप और चेक वितरित किए जाएंगे। इस मौके पर साधर्गयम के निदेशक फादर जो फिलिप, फादर बिजू, फादर डोमिनिक और रेखा शेट्टी आदि मौजूद थे।

राहत सामग्री का किया वितरण
थत्यूड़ (टिहरी)। कम्युनिटी अस्पताल मसूरी की ओर से आपदा प्रभावित रेतुकीबेली, टिपरी, बंगार, परोली, दुगड्डा, मथामाली और थापला गांवों में आटा, चावल, चीनी, चायपत्ती, बाल्टी व दैनिक जरूरतों की वस्तुओं का वितरण किया गया। इस मौके पर वम्बा, सुरेश, एंथोनी, सूरज, राजेंद्र और हेंद्री आदि उपस्थित थे।

स्वास्थ्य शिविर लगाया, राहत भेजी
कर्णप्रयाग/आदिबदरी। दिल्ली की संस्था सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया ने यहां मुख्य बाजार में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 100 से अधिक लोगों और प्रभावितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। तीन चिकित्सकों की टीम ने यहां नि:शुल्क दवा वितरण किया। दूसरी ओर आदिबदरी के ओंकारेश्वर महादेव में आए नया उदासीन निर्वाण अखाड़ा गुड़गांव के महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव ने केदारघाटी में राहत सामग्री भेजी है।

19 क्विंटल राशन बांटी
रुद्रप्रयाग। बृहस्पतिवार को चॉपर से आपदाग्रस्त क्षेत्र कोटमा, जाल मल्ला और चिलौंड में 19.5 क्विंटल आटा, चावल और दाल भिजवाया गया। जिला पूर्ति विभाग के अनुसार दो यूटीलिटी वाहनों से गिंवाली और भटवाड़ी गांवों के लिए राहत सामग्री भिजवाई गई। ऋषिकेश से जिले के आंतरिक गोदामों हेतु छह ट्रक चीन का उठान किया गया है। इनमें रुद्रप्रयाग 180 क्विंटल, तिलवाड़ा 90 क्विंटल, गुप्तकाशी 65 क्विंटल, ऊखीमठ 80 क्विंटल और घोलतीर 82 क्विंटल चीनी भेजी गई है।
राहत सामग्री वितरित की

श्रीनगर। इंडियन ओवरसीज बैंक की नगर शाखा ने गुरुवार को शक्ति विहार क्षेत्र के आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित की। शाखा प्रबंधक अशोक यादव ने बताया कि क्षेत्र के करीब 60 परिवारों को राहत सामग्री बांटी गई। इस मौके पर राजकुमार ठाकुरी, यशपाल राणा, सचिन कुमार, सौरभ रावत आदि मौजूद थे।

Related posts