बहन राखी, तो भाई खरीद लाए खास तोहफे

शिमला। राजधानी के बाजार रक्षासूत्र, राखी और अन्य रंग-बिरंगे धागों से सज गए हैं। सोमवार को बहनों ने भाई की कलाई पर राखी सजाने के लिए जमकर खरीदारी की। भाई भी तोहफों की खरीदारी में पीछे नहीं रहे। सोमवार को लोअर बाजार सहित शहर के अन्य बाजारों में खासी भीड़ जुटी। मिष्ठान भंडारों और गिफ्ट शॉप्स में भी ग्राहकों का जमावड़ा रहा। राजधानी में मंगलवार को रक्षाबंधन मनाया जाएगा।
उधर, बाजारों में पांच रुपये के धागे से लेकर चांदी की बनी सौ रुपये तक की राखी मौजूद है। लोअर बाजार के कारोबारी प्रवीण कुमार ने कहा कि महिलाएं चंदन और डोरी की राखी की अधिक मांग कर रही हैं। युवतियां रंग-बिरंगी और नए स्टाइल की राखियां पसंद कर रही हैं। कारोबारी महेश शर्मा ने कहा कि छोटे बच्चों के लिए कार्टून वाली और म्यूजिकल राखियां जमकर बिकीं। 15 से लेकर 50 रुपये तक की रेंज में यह राखियां बेची गईं। रेशमी, चंदन और रुद्राक्ष वाली राखियों की मांग भी रही। यही नहीं, राखी वाली स्पेशल थाली भी बहनों को खासी भायी। थाली में राखी के अलावा मिठाई, मौली व चावल के दाने मौजूद हैं। थाली लेने पर न तो बाजार से मिठाई लाने की जरूरत है और न मौली की।
उधर, भाइयों ने बहनों को बतौर तोहफा देने के लिए डिजाइनर फ्लॉवर पॉट, एंटीक पीस, फोटो फ्रेम, डेकोरेशन आइटम, क्रिस्टल बैंगल्स, रिंग्स, पेंडेंट्स, डिजाइन ड्रेसेज, मिठाइयां व बेकरी आइटम्स, केक और चॉकलेट की खरीदारी की।

Related posts