
ददाहू (सिरमौर)। भराड़ी बस हादसे को लेकर रेणुका के पूर्व विधायक हृदया राम ने सरकार को जिम्मेवार ठहराते हुए जिला प्रशासन पर निठल्लेपन का आरोप लगाया है। हृदया राम ने भराड़ी सड़क हादसे में मारे गए सभी बीस लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वह शनिवार को दुर्घटनास्थल का दौरा कर मृतकों के परिवार वालों से मिलने उनके घर गए तथा उनके परिजनों का साहस बढ़ाया। हृदया राम ने बताया कि रेणुका क्षेत्र की सड़कों पर उच्च न्यायालय व यातायात के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ऐसा करने वाले कुछ लोगों को सरकार का संरक्षण भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि रेणुका क्षेत्र में सड़कों की ओर सरकार का काई ध्यान नहीं है। नौहराधार-बोगधार-टौंडा मार्ग जो कि डॉ. परमार के समय का बना हुआ है, इस सड़क के रखरखाव पर धूमल सरकार ने साढ़े 15 करोड़ रुपए की राशि का बजट स्वीकृत किया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने एक रुपया भी इस सड़क के रखरखाव पर खर्च नहीं किया। इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के आरटीओ व क्षेत्रीय प्रबंधक भी अपने दायित्व को पूरी तरह नहीं निभा रहे हैं। कहीं भी किसी प्रकार की चैकिंग नहीं की जा रही है। प्रशासन के पास लोगों की सुरक्षा के लिए समय तक नहीं है।
