बस स्टेशन पर जाम हुआ आम

टनकपुर। रोडवेज बस स्टेशन की लोकेशन शहर की यातायात व्यवस्था के लिए नासूर बन रही है। सड़क किनारे अतिक्रमण से मार्ग संकरा होने के कारण स्टेशन गेट पर जाम की स्थिति आम बात हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यूं तो टनकपुर शहर के आंतरिक मार्गों की चौड़ाई पर्याप्त है, मगर बढ़ते अतिक्रमण से कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदहाल हो चली है। पीलीभीत चुंगी से शुरू होने वाले शहर के व्यस्ततम आंतरिक मार्ग की स्थिति चुंगी से लेकर न्यू टैक्सी स्टैंड तक तो ठीक है, लेकिन इसके बाद बस स्टेशन तक अतिक्रमण से मार्ग बेहद संकरा हो गया है। स्थिति यह है कि हर वक्त लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। बस स्टेशन की चहारदीवारी से सटकर सड़क किनारे बनी दुकानों से यातायात व्यवस्था अधिक बिगड़ रही है। फिर इस मार्ग पर वाहनों का दबाव भी सबसे ज्यादा रहता है। बसों की संख्या बढ़ने से स्टेशन परिसर की क्षमता भी कम हो गई है। बसों के इन और आउट का एक ही गेट होने से भी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाना पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है।

Related posts