
पधर (मंडी)। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो मंडी की पधर-घोघरधार-बल्ह-टिक्कर-रोपा रूट पर चलने वाली बस सेवा बंद है। जिसको लेकर स्थानीय निवासियों में एचआरटीसी के प्रति रोष व्याप्त है। यह बस पिछले कई दिन से इस रूट पर नहीं चल रही है। घाटी के लोगों का आरोप है कि निगम रोजाना बस को रूट पर भेज देता है, जिसे पधर से मात्र पांच किमी की दूरी पर हिमरी गंगा में ठहराव कर दिया जाता है। घाटीवासी डागणू राम, तारा चंद, फिथू राम, राम लाल, नारायण सिंह, सुंदर सिंह हवलदार का कहना है कि रूट पर निजी बस और मालवाहक वाहन रोजाना रूट पर आ जा रहे हैं, जबकि निगम की बस के लिए रोड ठीक नहीं है, का बहाना आम बात हो गई है। घाटी के लोगों ने निगम की इस अव्यवस्था को लेकर अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से की है। रविवार को बल्ह प्रोजेक्ट में मजदूरों की बैठक लेने गए पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं सीटू नेता रविकांत ने बस के रूट पर न चलने की बात पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्हाेंने निगम के अधिकारियों से मांग की है कि बस को निरंतर रूट पर भेजा जाए, अन्यथा आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। उधर, आरएम मंडी रघुवीर सिंह का कहना है कि हिमरी गंगा के समीप ल्हासा गिरने से रोड कट गया है। लोनिवि ने रोड ठीक कर दिया है तो इसका फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करे, बस को रूट पर भेज दिया जाएगा।
