बस सेवा बंद, टैक्सियों में सफर पड़ रहा मंहगा

रोहड़ू। छौहारा क्षेत्र के दूरदराज गांव तांगणू जांगलिख के लिए बीते चार दिनों से शाम के समय चिड़गांव से चलने वाली बस सेवा बंद पड़ी है। ऐसे में गांव के लोगों को टैक्सी में तीन गुना अधिक किराया चुका कर घर पहुंचना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने परिवहन निगम के अधिकारियों से बस सेवा नियमित करने की मांग की है।
तांगणू जांगलिख पंचायत की प्रधान सुशीला नेगी, पंचायत समिति सदस्य जय लाला और पूर्व प्रधान जिया लाल नेगी ने बताया कि जांलिख के लिए शाम के समय चलने वाली बस सेवा बंद पड़ी है। बस में शाम के समय शिलादेश, पेखा, दिऊदी, तांगणू जांगलिख सहित पांच पंचायतों के करीब एक दर्जन गांव के लोगों को सुविधा मिलती है। बस सेवा बंद होने के बाद लोग टैक्सी में घर पहुंच रहे हैं। लोगों को बस में 37 रुपये किराये की जगह सौ रुपये हर चुकाना पड़ रहे हैं। कई बार टैक्सी उपलब्ध न होने के कारण लोगों को चिड़गांव में ही ठहरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। परिवहन निगम के अधिकारियों से कई बार बस सेवा नियमित करने की मांग की गई है। बावजूद इसके अभी तक बस सेवा शुरू नहीं हो रही है। उन्होंने परिवहन निगम प्रबंधन से आग्रह किया है कि दूरदराज की पांच पंचायतों के लिए चलने वाली बस सेवा को नियमित किया जाए। वहीं इस संबंध में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि बस की बुकिंग शादी में होने के कारण दो-तीन दिन नहीं भेजी गई थी। अब तांगणू रूट पर बस नियमित शुरू हो जाएगी।

 

Related posts